*असंतलिया से चंद्रजारकी गांव तक जर्जर सड़क का सन्नी उरांव और विधायक प्रतिनिधि ने किया निरीक्षण, ग्रामीणों ने रखी चबूतरा निर्माण की मांग*

चाईबासा: चक्रधरपुर प्रखंड के असंतलिया से चंद्रजारकी गांव तक जाने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी जर्जर सड़क का बुधवार को चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव और विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम ने ग्रामीणों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क की स्थिति देखी और ग्रामीणों से उनकी समस्याओं की जानकारी ली।
बताया गया कि दो दिन पहले ग्रामीणों ने सड़क की मरम्मत और अन्य समस्याओं को लेकर विधायक सुखराम उरांव को आवेदन सौंपा था। इसके बाद विधायक के निर्देश पर सन्नी उरांव और विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम गांव पहुंचे और सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
ग्रामीणों ने बताया कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन वर्तमान में सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह सड़क खराब होने के कारण लोगों को रोजाना आवागमन में परेशानी होती है। खासकर बरसात के दिनों में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों ने गांव में चबूतरा निर्माण कराने की मांग भी रखी।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर होना जरूरी है। सड़क खराब रहने से बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है। विधायक सुखराम उरांव के माध्यम से सड़क मरम्मत और चबूतरा निर्माण की मांग को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
वहीं विधायक प्रतिनिधि पीरू हेंब्रम ने भी ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को विधायक तक पहुंचाकर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराना प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान घनश्याम कुजूर, सोहन कछाप, प्रदीप कुजूर सहित अन्य स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।




