जमशेदपुर: बिष्टुपुर तुलसी भवन में आज सजेगा महासर माता का भव्य दरबार, पंचम वार्षिक उत्सव की तैयारियां पूरी
अष्टमी तिथि पर होगा विधिवत पूजन, दिव्य ज्योत, छप्पन भोग, चुनरी उत्सव और भजन संध्या रहेगा मुख्य आकर्षण

जमशेदपुर: बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में कुलदेवी महासर माता का पंचम वार्षिक उत्सव रविवार, 20 सितंबर को अष्टमी तिथि के अवसर पर आयोजित किया जाएगा। धार्मिक उत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में कोल्हान प्रमंडल के तीनों जिलों के अलावा कोलकाता और रांची से भी श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कोलकाता के कारीगर सजाएंगे भव्य दरबार
उत्सव के लिए महासर माता का भव्य दरबार पुष्प सज्जा से तैयार किया जाएगा। इसके लिए कोलकाता से आए कारीगर विशेष रूप से सजावट करेंगे। महासर धाम के संजय गुरुजी के सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना होगी, जबकि पंडित रामजी पारिख पूजा में सहयोग करेंगे।
दिव्य ज्योत और छप्पन भोग रहेगा आकर्षण
आयोजकों के अनुसार उत्सव के प्रमुख आकर्षणों में माता रानी की दिव्य ज्योत, भव्य दरबार, मनमोहक श्रृंगार, छप्पन भोग, महाप्रसाद, चुनरी उत्सव के साथ पुष्प एवं इत्र की वर्षा शामिल है। पूरे आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
अजमेर और कानपुर के कलाकार देंगे भजनों की प्रस्तुति
धार्मिक कार्यक्रम में देश के विभिन्न शहरों से आमंत्रित कलाकार भी भजनों की प्रस्तुति देंगे। अजमेर से जॉन अजमेरी और कानपुर से दीपांशी तिवारी के अलावा स्थानीय कलाकार महावीर अग्रवाल माता के चरणों में भजनों की प्रस्तुति देंगे।
आयोजकों ने कुलदेवी गढ़ी महासर माता के सभी भक्तों से उत्सव में सादर शामिल होने का आग्रह किया है। भक्तगण भी उत्साह के साथ आयोजन को सफल बनाने की तैयारियों में जुटे हुए हैं।




