जमशेदपुर: जेएनएसी टीम पर हमले और सरकारी कार्य में बाधा के मामले में गुरदीप पप्पू समेत 14 बरी
जीआर 2340/2017 मामले में अदालत ने साक्ष्य के अभाव में सुनाया फैसला, अभियोजन पर्याप्त प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर पाया

जमशेदपुर: जेएनएसी टीम पर कथित जानलेवा हमला करने और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के पूर्व नगर अध्यक्ष एवं ट्रांसपोर्टर गुरदीप सिंह पप्पू समेत 14 भाजपा नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। मामले की सुनवाई न्यायिक दंडाधिकारी जितेंद्र राम की अदालत में हुई।
अभियोजन पर्याप्त साक्ष्य नहीं कर सका प्रस्तुत
यह मामला जीआर 2340/2017 से संबंधित है। अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर पाया। इसके बाद अदालत ने साक्ष्य के अभाव में आरोपियों को बरी कर दिया।
आरोपियों की ओर से वरीय अधिवक्ता मलकीत सिंह सैनी, मनप्रीत सिंह सैनी सहित अन्य अधिवक्ताओं ने पक्ष रखा।
2017 में साकची थाने में दर्ज हुआ था मामला
मामला नगर प्रबंधक रंजन कुमार पांडे की शिकायत पर दर्ज किया गया था। साकची पुलिस ने 22 अगस्त 2017 को प्राथमिकी दर्ज की थी।
शिकायत के अनुसार, जिला प्रशासन के निर्देश पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पलंग मार्केट के पास जेएनएसी टीम के साथ कथित मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत में भाजपा नेता रॉकी सिंह, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के पूर्व प्रधान सतिंदर सिंह रोमी, गुरदीप सिंह पप्पू, गुरप्रीत सिंह, हरजिंदर सिंह रिंकू, ध्रुव मिश्रा, शिवम राव, अजीत सिंह गंभीर, हेमंत साहू, सतीश शर्मा, दशरथ शुक्ला और जुगसलाई निवासी सुखविंदर सिंह साबी समेत अन्य लोगों के नाम दर्ज किए गए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, घटना के दौरान जान बचाने के लिए वह काशीडीह चौक की ओर भागे और आरोपियों द्वारा वहां तक पीछा किए जाने का भी आरोप लगाया गया था। हालांकि, अदालत की कार्यवाही में अभियोजन पक्ष आरोपों को पर्याप्त साक्ष्य से साबित नहीं कर सका और आरोपियों को बरी कर दिया गया।




