कोल्हान

*युवाओं को लक्ष्य के प्रति समर्पण और संघर्ष की दी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने सीख*

चाईबासा: मेरा युवा भारत, पश्चिमी सिंहभूम की ओर से कोल्हान विश्वविद्यालय में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत यूथ पार्लियामेंट 2027 कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों के बीच वन नेशन, वन इलेक्शन विषय पर अपने विचार रखे और युवाओं को राष्ट्र निर्माण, नेतृत्व क्षमता तथा जीवन में लक्ष्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया।

मधु कोड़ा ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को निखारने के लिए विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों में वाद-विवाद प्रतियोगिताओं तथा विचार गोष्ठियों का नियमित आयोजन होना चाहिए। इससे विद्यार्थियों में अपनी बात रखने का आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने कहा कि जरूरी नहीं है कि प्रत्येक व्यक्ति को हर विषय की पूरी जानकारी हो। युवाओं को अपनी रुचि और कार्यक्षेत्र के अनुसार किसी एक क्षेत्र में विशेष दक्षता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में संघर्ष को प्राथमिकता दें और निराशा को कभी अपने ऊपर हावी न होने दें। सफलता मेहनत, धैर्य और लगातार प्रयास करने से मिलती है। उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम में उपस्थित युवा ही आने वाले समय में देश का नेतृत्व करेंगे। इनमें से कोई मंत्री, सांसद, उच्च पदाधिकारी या प्रोफेसर बनेगा और समाज तथा देश को नई दिशा देगा। इसलिए विद्यार्थियों को अभी से अपने व्यक्तित्व, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने पर ध्यान देना चाहिए।

कोल्हान विश्वविद्यालय के महत्व पर चर्चा करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह विश्वविद्यालय लंबे संघर्ष और प्रयासों के बाद स्थापित हुआ है। यह क्षेत्र की महत्वपूर्ण धरोहर है। इसकी प्रतिष्ठा और गरिमा बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम के माध्यम से मधु कोड़ा ने युवाओं से लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने, राष्ट्रीय मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने और जिम्मेदार नागरिक बनकर देश के विकास में योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!