कोल्हान

शिवा तालाब में दिखा अमरनाथ का अलौकिक स्वरूप, बाबा बर्फानी के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चाईबासा: रक्षाबंधन के अवसर पर शुक्रवार को शिव भक्त मंडल, चाईबासा की ओर से शिवा तालाब स्थित शिवालय परिसर में बाबा बर्फानी (अमरनाथ) के दिव्य स्वरूप का आयोजन किया गया। प्राकृतिक बर्फ से निर्मित विशाल शिवलिंग श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। पूरा शिवा तालाब परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा।

अमरनाथ धाम की पवित्र गुफा में विराजमान बाबा बर्फानी के स्वरूप की अनुभूति कराने के उद्देश्य से प्राकृतिक बर्फ से शिवलिंग का निर्माण किया गया था। इसे आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। चाईबासा शहर के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे दर्शन के लिए पहुंचे।

शिव भक्त मंडल की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना और दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मंडल के सदस्य पूरे समय सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के समक्ष शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

मंडल के सदस्यों ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य चाईबासा के श्रद्धालुओं को अमरनाथ धाम की आस्था और आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ना है। शिव भक्त मंडल की ओर से प्रत्येक वर्ष श्रद्धा और भक्ति के साथ इस आयोजन का आयोजन किया जाता है।

आयोजन को सफल बनाने में सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय के साथ शिव भक्त मंडल के सदस्य सज्जन रूंगटा, कन्हैया लाल अग्रवाल, अनूप जोशी, सीताराम जोशी, हजारी गोयल, रोहित रूंगटा, भरत रूंगटा, मंटू शर्मा, कमल लाट, कुन्दन गोयल, पप्पू गोयल, चंदा शर्मा, दीपक अग्रवाल, मिक्कू पाड़िया, सुशील चोमल, डब्बू चौबे, पवन शर्मा, भावेश राठौड़, विकास गोयल, सुजीत महतो एवं शिवांश साव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आयोजन के शांतिपूर्ण और सफल संपन्न होने पर शिव भक्त मंडल ने चाईबासा एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं, सहयोगियों तथा आयोजन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!