मारवाड़ी युवा मंच जागृति शाखा ने सदर थाना में पुलिसकर्मियों को बांधी राखी

चाईबासा: रक्षाबंधन के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा जागृति शाखा की ओर से शुक्रवार को सदर थाना में पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। इस दौरान शाखा की महिलाओं ने थाना प्रभारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम में उन पुलिसकर्मियों के साथ पर्व की खुशियां साझा की गईं, जो ड्यूटी के कारण रक्षाबंधन पर अपने परिवार और बहनों से दूर रहे। शाखा की बहनों ने पुलिसकर्मियों के सुखद, सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
शाखा अध्यक्ष चंदा अग्रवाल ने कहा कि पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर समाज की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाते हैं। उनके साथ रक्षाबंधन मनाना सम्मान और आभार व्यक्त करने का एक छोटा प्रयास है। उन्होंने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं, बल्कि स्नेह, विश्वास, सम्मान और सामाजिक जुड़ाव का भी संदेश देती है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने भी जागृति शाखा की सदस्यों की इस पहल के लिए आभार जताया। मौके पर अध्यक्ष चंदा अग्रवाल, कोषाध्यक्ष खुशबू दोदराजका, कार्यक्रम संयोजिका विनीता सराफ, सदस्य नीतू टिबरेवाल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।




