कोल्हान

*सोनुआ शराब दुकान चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी की शराब और वारदात में प्रयुक्त कार बरामद*

* *सोनुआ ब्लॉक के सामने स्थित शराब दुकान में 23 नवंबर की रात हुई थी चोरी*

चाईबासा : सोनुआ थाना क्षेत्र में अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकान में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से चोरी की शराब, घटना में इस्तेमाल कार और चोरी के औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

शुक्रवार को चक्रधरपुर थाना में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में आयोजित प्रेस वार्ता में पत्रकारों को मामले की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि 23 नवंबर 2026 की रात करीब 2:30 बजे सोनुआ थाना क्षेत्र में सोनुआ ब्लॉक के सामने स्थित अनुज्ञप्तिधारी शराब दुकान में अज्ञात चोरों ने शराब और नकद रुपये की चोरी की थी।

घटना के संबंध में सोनुआ थाना कांड संख्या 39/2026, दिनांक 23 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 305/331(4) के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा अमित रेणु के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल का गठन किया गया। पुलिस दल ने तकनीकी और मानवीय सूचनाओं के आधार पर लगातार छापेमारी और जांच की। इसके बाद घटना में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने जिन तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें अंजन दास (35 वर्ष), पिता स्वर्गीय बनबिहारी दास, निवासी रायरंगपुर, पुरनांगहाटी वार्ड संख्या 08, थाना रायरंगपुर, जिला मयूरभंज, ओडिशा शामिल हैं।

दूसरा आरोपी मो. शाहिद (32 वर्ष), पिता स्वर्गीय मो. जमाल, निवासी गोसनगर, कपाली ओपी, चांडिल थाना, जिला सरायकेला-खरसावां है।

तीसरा आरोपी तारकेश्वर शर्मा उर्फ आलोक (36 वर्ष), पिता रामनरेश शर्मा, निवासी बागुनहातु डी ब्लॉक बाराबस्ती, बारीडीह, थाना सिदगोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम, वर्तमान पता कपाली ओपी, चांडिल थाना है।

आरोपियों के आपराधिक इतिहास को लेकर उन्होंने बताया कि पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अंजन दास के खिलाफ गुरमुशिया थाना, ओडिशा में वर्ष 2025 में गौ तस्करी का मामला दर्ज है। इसके अलावा गोविंदपुर थाना, पूर्वी सिंहभूम में गौ तस्करी और घाटशिला थाना में वाहन दुर्घटना में मृत्यु से संबंधित मामला दर्ज है।

मो. शाहिद अंसारी के खिलाफ कपाली ओपी, सरायकेला में वर्ष 2026 के जून-जुलाई महीने में छिनतई का मामला दर्ज है।

तारकेश्वर शर्मा उर्फ आलोक के खिलाफ एमजीएम थाना, पूर्वी सिंहभूम में चोरी, सिदगोड़ा थाना में लड़की से संबंधित मामला, पोटका थाना में चोरी और चांडिल थाना, सरायकेला-खरसावां में चोरी का मामला दर्ज है।

अपने संबोधन में एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के पास से सीसीटीवी फुटेज, तीनों आरोपियों के मोबाइल फोन, तार काटने वाला बोल्ट कटर, लोहे का सब्बल, घटना में प्रयुक्त XL6 कार संख्या OD11W8036, शराब की 16 पेटियां यानी 192 बोतलें और 19 अलग शराब की बोतलें बरामद की हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सरायकेला, जमशेदपुर और ओडिशा के विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस घटना को लेकर छापेमारी दल में सोनुआ थाना प्रभारी महिला पुलिस अवर निरीक्षक शशिबाला भेंगरा, पुलिस अवर निरीक्षक इन्द्रदेव रजक, तकनीकी शाखा पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के पुलिस अवर निरीक्षक धनंजय सिंह और अभय कुमार, सहायक पुलिस अवर निरीक्षक सिंघेश्वर यादव, सोनुआ थाना के सशस्त्र बल तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा की तकनीकी शाखा की टीम शामिल थी।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि चाईबासा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि, चोरी या अन्य आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना को दें। दुकानदारों और व्यवसायियों से अपने प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और सुरक्षा के अन्य जरूरी उपाय अपनाने की अपील की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!