*बाल विवाह के खिलाफ सांसद जोबा माझी के नेतृत्व में निकला मशाल जुलूस

चाईबासा : अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन (KSRA) की ओर से पश्चिमी सिंहभूम जिले में जागरूकता एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर सिंहभूम की सांसद जोबा माझी के नेतृत्व में पंप रोड स्थित उनके आवास से मशाल जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों, युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने हिस्सा लेकर बाल विवाह के खिलाफ एकजुटता दिखाई। सभी ने वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन के अध्यक्ष एसएम शकीन अली, अधिवक्ता प्रियंवदा, कारा सोसाइटी एवं एसपायर संस्था के कर्मचारी, सोनुवा के गणेश बोदरा, विकास दोदरजका सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस दौरान विवाह समारोह से जुड़े पुरोहितों, मौलवियों, हलवाइयों, बैंड-बाजा संचालकों, टेंट संचालकों और प्रिंटिंग प्रेस मालिकों ने भी शपथ ली कि वे बाल विवाह में किसी तरह की भागीदारी नहीं करेंगे। साथ ही बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देंगे।
मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि बाल विवाह बच्चों, विशेषकर बेटियों के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ अन्याय है। कम उम्र में शादी होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सर्वांगीण विकास प्रभावित होता है। इस कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने लोगों से बाल विवाह रोकने के लिए जागरूक रहने और वर्ष 2030 तक भारत को बाल विवाह मुक्त बनाने के अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
संस्था के अध्यक्ष एसएम शकीन अली ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से सरकार और जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के साथ मिलकर बाल विवाह के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। यह केवल एक अपराध को रोकने का प्रयास नहीं, बल्कि बेटियों को बचपन, शिक्षा और अपना भविष्य चुनने का अधिकार दिलाने की लड़ाई है।
वहीं, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन के राष्ट्रीय समन्वयक रवि कांत ने कहा कि 27 नवंबर को बाल, कम उम्र और जबरन विवाह के उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया जाना भारत के बाल विवाह विरोधी अभियान की एक ऐतिहासिक वैश्विक उपलब्धि है।
संस्था की ओर से जिले के विभिन्न स्थानों पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान ग्रामीण समुदायों, महिलाओं और युवाओं से बाल विवाह मुक्त समाज बनाने के अभियान से जुड़ने की अपील की गई।




