
- विधायक ने वन संरक्षण को बताया समस्या के समाधान की कुंजी
मनोहरपुर : कोल्हान वन परिक्षेत्र, गोइलकेरा के तत्वावधान में मंगलवार को मनोहरपुर वन विश्रामागार परिसर में जंगली हाथियों द्वारा किए गए नुकसान की क्षतिपूर्ति के लिए मुआवजा वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधायक जगत मांझी शामिल हुए। इस अवसर पर उनके हाथों 13 प्रभावित लाभुकों को मुआवजा राशि के चेक प्रदान किए गए। लाभुकों को यह राशि जंगली हाथियों द्वारा उनके कच्चे मकानों, फसलों और मवेशियों को पहुंचाए गए नुकसान के एवज में दी गई। चेक प्राप्त करने के बाद लाभुकों ने राहत महसूस करते हुए वन विभाग और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष रंजित यादव, वन विभाग के अधिकारी, वनकर्मी तथा क्षेत्र के कई ग्रामीण उपस्थित रहे।
इसे भी पढ़ें : Gua : वेल्डन फ्यूचर एकेडमी में राखी निर्माण प्रतियोगिता, बच्चों की रचनात्मकता ने जीता सबका दिल
जंगल संरक्षण से कम होगा मानव-हाथी संघर्ष : जगत मांझी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जगत मांझी ने कहा कि जंगलों के लगातार सिमटने के कारण वन क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों में मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष जंगली हाथियों के कारण लोगों की जान-माल, फसलों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचता है, जिससे ग्रामीणों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विधायक ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जंगलों के संरक्षण और संवर्धन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वनों की रक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि जंगल सुरक्षित रहेंगे तो वन्यजीवों को पर्याप्त आवास और भोजन मिलेगा, जिससे मानव और हाथियों के बीच होने वाले संघर्ष को काफी हद तक कम किया जा सकेगा।




