
- प्राचार्य ने रक्षाबंधन के सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर डाला प्रकाश
गुवा : बड़ाजामदा फुटबॉल मैदान स्थित वेल्डन फ्यूचर एकेडमी स्कूल में मंगलवार को रक्षाबंधन पर्व के उपलक्ष्य में वर्ग 3 से 8 तक के छात्र-छात्राओं के लिए राखी बनाने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों को रक्षाबंधन के सांस्कृतिक और भावनात्मक महत्व से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता एवं हस्तकला प्रतिभा को प्रोत्साहित करना था। प्रतियोगिता में दो-दो प्रतिभागियों के समूह बनाए गए थे, जिसमें कुल 39 ग्रुप ने भाग लिया। बच्चों को घर में आसानी से उपलब्ध इको-फ्रेंडली सामग्री का उपयोग कर राखी तैयार करने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, सृजनात्मक सोच और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन करते हुए रंग-बिरंगी और आकर्षक राखियां तैयार कीं, जिसकी शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने सराहना की।
इसे भी पढ़ें : Goilkera : आजादी के बाद भी अधूरी सड़क की आस, वन पोसौता–पोसैता स्टेशन मार्ग निर्माण की मांग तेज
विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर किया गया सम्मानित
प्रतियोगिता में नूपुर और स्नेहा के समूह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनन्या और कमला के समूह को द्वितीय तथा रीतु और शुभश्री के समूह को तृतीय स्थान मिला। विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक पर्व है। यह त्योहार समाज में भाईचारे, सद्भाव और मानवता की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को रक्षाबंधन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में शिक्षक मनीष पूर्ति, पूनम रवानी, राखी देब महापात्रा, फिरोज खान, नामलेन पूर्ति, दीपा सिंह, खुशबू कुमारी, सोनाली बोस सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।




