कोल्हान

*चक्रधरपुर में 28 नवंबर को होगा छात्र संवाद, चार प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा*

चाईबासा: धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के 151वें जन्मोत्सव समारोह के अवसर पर 28 नवंबर को चक्रधरपुर में छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संविधान दिवस (26 नवंबर) और महात्मा ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि (28 नवंबर) के ऐतिहासिक महत्व को ध्यान में रखते हुए आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों और युवाओं को अपने विचार रखने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम सुबह 9 बजे से नगर परिषद स्थित विवाह भवन में आयोजित होगा। इसमें स्कूल, हाई स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। नगर अध्यक्ष सुन्नी उरांव कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार, छात्र संवाद में चार प्रमुख विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें भगवान बिरसा मुंडा का जीवन एवं संघर्ष, महात्मा ज्योतिबा फुले के विचार एवं सामाजिक सुधार, भारतीय संविधान एवं मौलिक अधिकार तथा शिक्षा और सामाजिक परिवर्तन में युवाओं की भूमिका शामिल हैं।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों, संवैधानिक मूल्यों और महापुरुषों के विचारों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही उन्हें विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखने और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा।

बिरसा मुंडा जयंती समारोह समिति के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष रबिन्द्र गिलुवा, सचिव अजय प्रजापति और कोषाध्यक्ष बरखा तांती सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समिति ने क्षेत्र के सभी स्कूल, हाई स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों तथा युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर छात्र संवाद में भाग लेने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!