कोल्हान

*मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर रेलवे संपत्ति चोरी करते तीन आरोपी गिरफ्तार*

चाईबासा: रेलवे संपत्ति की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने मनोहरपुर-जराईकेला रेलखंड पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से रेलवे ट्रैक का कटा हुआ टुकड़ा और सिग्नल केबल के कटे हुए हिस्से बरामद किए गए हैं। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, आरपीएफ की टीम गुरुवार देर रात रेलखंड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 12:45 बजे मनोहरपुर से जराईकेला की ओर तीसरी रेल लाइन के दाहिनी तरफ कुछ संदिग्ध लोग कंधे पर भारी सामान लेकर आते दिखाई दिए।

रेलवे किलोमीटर संख्या 373/33ए से 35ए के पास पहुंचने पर संदिग्ध लोगों ने आरपीएफ की टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। हालांकि, जवानों ने तीनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से करीब एक मीटर लंबा कटा हुआ रेल लाइन का टुकड़ा और रेलवे सिग्नल से जुड़ी क्वाड रिलीज केबल के दो कटे हुए टुकड़े बरामद किए गए। दोनों केबल की कुल लंबाई करीब 20 मीटर बताई गई है।

आरपीएफ ने बरामद रेलवे संपत्ति को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई।

आरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, रेलवे संपत्ति की चोरी से सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचने के साथ रेल परिचालन और यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा पैदा हो सकता है। रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!