*उपायुक्त और एसपी ने देर रात मंडल कारा का किया औचक निरीक्षण, 11 टीमों ने की जांच*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और मंडल कारा की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू के संयुक्त नेतृत्व में मंडल कारा चाईबासा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जेल की सुरक्षा व्यवस्था, बंदियों को मिलने वाली सुविधाओं और विभिन्न प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
निरीक्षण अभियान में प्रशिक्षु आईएएस एवं आईपीएस अधिकारियों के अलावा सदर चाईबासा के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी सहित अन्य वरीय पदाधिकारी शामिल हुए। निरीक्षण को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए कुल 11 जांच दल बनाए गए थे। सभी दलों ने अपनी जिम्मेदारी के अनुसार जेल के अलग-अलग हिस्सों में औचक तलाशी ली।
इस दौरान कैदी वार्डों, बैरकों, भोजनालय, जेल अस्पताल, शौचालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों की बारीकी से जांच की गई। अधिकारियों ने बंदियों के रहने की व्यवस्था, साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। इसके अलावा जेल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की भी समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान जेल के संवेदनशील स्थानों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच कर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली गई। सभी 11 जांच दलों ने अलग-अलग वार्डों और पूरे कारा परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया।
औचक निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने कारा की आंतरिक सुरक्षा और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस निरीक्षण का उद्देश्य जेल की सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने के साथ-साथ प्रबंधन में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करना था।




