
जादूगोड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच मलेरिया के बढ़ते खतरे को देखते हुए सबर जनजाति के परिवारों की सुरक्षा के लिए सामाजिक संस्था सेवा समर्पण ने पहल की। रविवार को पोटका प्रखंड के झरिया गांव स्थित सबर बस्ती खड़िया कोचा में संस्था की टीम ने 30 जरूरतमंद सबर परिवारों के बीच मच्छरदानी और बारिश से बचाव के लिए छाता वितरित किया।

बताया गया कि झरिया निवासी रघु सबर के आग्रह पर सेवा समर्पण की टीम दुर्गम और कीचड़युक्त पगडंडी रास्तों से होकर बस्ती तक पहुंची और जरूरतमंद परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई। इस दौरान बच्चों के बीच बिस्कुट और चॉकलेट भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारी विभूति जेना ने ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बारिश के मौसम में मच्छरों से बचाव, आसपास साफ-सफाई रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर उपचार कराने के प्रति लोगों को जागरूक किया। वहीं, बीमार सबर परिवारों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर सेवा समर्पण के पदाधिकारी विभूति जेना, चंदन सिंह, कुमुद शर्मा, मनीषा शर्मा, सोनू, श्रवण, सूरज और शशि पांडेय मौजूद रहे। संस्था की इस पहल से सबर बस्ती के जरूरतमंद परिवारों को बारिश और मलेरिया के खतरे से बचाव में मदद मिलने की उम्मीद है।




