बड़ाजामदा में छात्रा से कथित छेड़खानी के बाद विवाद, युवाओं पर हमला; भाजपा ने दी आंदोलन की चेतावनी

गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा में आदिवासी छात्रा से कथित छेड़खानी और स्थानीय युवाओं पर हमले का मामला सामने आने के बाद भाजपा ने इसे गंभीरता से लिया है। भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई मंगलवार को बड़ाजामदा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।

बताया गया कि अमन लॉज में किराये पर रह रहे कुछ युवकों पर एक आदिवासी छात्रा के साथ कथित रूप से छेड़खानी और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा। स्थानीय युवाओं ने इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और स्थानीय युवाओं पर हमला किया गया, जिसमें कई युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज नोवामुंडी अस्पताल में चल रहा है।
बड़कुंवर गागराई ने नोवामुंडी अस्पताल पहुंचकर घायल युवाओं से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। उन्होंने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने पुलिस-प्रशासन से मामले की जांच कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित छात्रा एवं घायलों को न्याय दिलाने की मांग की।
गागराई ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो भाजपा जोरदार आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस-प्रशासन की होगी।
मौके पर भाजपा सारंडा मंडल अध्यक्ष महेंद्र महाकुड़, भाजपा नेता अजीत सिंह, राय भूमिज, राजा तिर्की, संजीव राय और अशोक पान समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




