Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

टाटा बाईपास चौक पर प्रतिमा स्थापना को लेकर 1 से 4 अगस्त तक होगा धरना, सर्वसम्मति से निर्णय की मांग

चाईबासा: टाटा बाईपास चौक पर प्रस्तावित दिशोम गुरु स्व. शिबू सोरेन की प्रतिमा स्थापना के मुद्दे पर सर्वसम्मति से निर्णय लेने की मांग को लेकर 1 से 4 अगस्त तक शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह निर्णय शुक्रवार को हरिगुटू स्थित आदिवासी हो समाज महासभा के कला एवं संस्कृति भवन में विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं जनसंगठनों की संयुक्त बैठक में लिया गया। बैठक की अध्यक्षता आदिवासी हो समाज युवा महासभा के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद बिरुवा ने की।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि टाटा बाईपास चौक चाईबासा का महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, इसलिए यहां प्रतिमा स्थापना जैसे विषय पर सभी पक्षों की राय लेकर सर्वसम्मति से निर्णय लिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस विषय पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की अलग-अलग भावनाएं एवं सुझाव हैं, इसलिए व्यापक विचार-विमर्श आवश्यक है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए 1 से 4 अगस्त तक टाटा बाईपास चौक पर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक धरना दिया जाएगा। वहीं 1 अगस्त की सुबह तांबो चौक से प्रस्तावित प्रतिमा स्थल तक पदयात्रा भी निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न सामाजिक, पारंपरिक एवं जनसंगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। आयोजकों ने स्पष्ट किया कि पूरा कार्यक्रम संविधान और कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से आयोजित किया जाएगा।

बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर प्रशासन से मांग की गई कि टाटा बाईपास चौक पर कोल्हान के जननायक एवं वीर शहीद पोटो हो की प्रतिमा स्थापित कर चौक का नामकरण उनके नाम पर किया जाए।

इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), चाईबासा को आवेदन सौंपकर धरना एवं पदयात्रा की अनुमति, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग की मांग की गई है। साथ ही सभी संबंधित पक्षों के साथ सर्वदलीय एवं सर्वपक्षीय बैठक कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए निर्णय लेने का आग्रह किया गया।

बैठक में महासचिव गब्बर सिंह हेंब्रम, शेरसिंह बिरुवा, ऑयबन हेंब्रम, सुरेन्द्र पूर्ति, सत्यव्रत बिरुवा, रियांश समाड, महेंद्र जमुदा, रमेश बालमुचू, मुरारी अल्डा, सुरेश सोय, सुशील कुमार पूर्ति, रबिंद्र अल्डा, महती पूर्ति, कुसुम केराई, राजेंद्र प्रकाश जोंकों, हरीश चंद्र कुंकल, मंगल सिंह कालुंडिया सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!