स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की उपायुक्त ने की समीक्षा, 15 अगस्त को सुबह 9:05 बजे पुलिस लाइन में होगा मुख्य राजकीय समारोह

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की उपस्थिति में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह से संबंधित सभी विभागों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, अग्निशमन, मंच, ध्वनि व्यवस्था तथा अतिथियों एवं आम नागरिकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में बताया गया कि 15 अगस्त 2026 को सुबह 9:05 बजे पुलिस लाइन, चाईबासा में मुख्य राजकीय समारोह आयोजित होगा, जहां मुख्य अतिथि राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे।
इसके अलावा जिले के सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायत कार्यालयों और अन्य सार्वजनिक संस्थानों में निर्धारित समय के अनुसार ध्वजारोहण किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय के साथ समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।




