Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, त्रुटिरहित मतदाता सूची बनाने पर जोर

चाईबासा :भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर मंगलवार को अनुमंडल कार्यालय, चाईबासा में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन होगा, जबकि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक नए नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार और अन्य संशोधन के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।

संजय कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 15 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों पर ग्राम सभा एवं वार्ड सभा आयोजित होगी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रारूप मतदाता सूची का सार्वजनिक वाचन करेंगे और उपस्थित मतदाताओं से उसका सत्यापन कराएंगे। साथ ही 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों को प्रपत्र-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपने बूथ लेवल एजेंट (BLA-2) एवं कार्यकर्ताओं के माध्यम से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना, त्रुटियों का समय पर सुधार करना और लोगों को जागरूक करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची ही स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय चुनाव की आधारशिला है।

बैठक में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, ग्राम सभा एवं वार्ड सभा में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनीतिक दलों से समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से कार्य कर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!