Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

बागबेड़ा में दो दिनों से जलापूर्ति ठप, उपायुक्त ने 24 घंटे में पानी बहाल करने का दिया निर्देश

जमशेदपुर: प्रकाश गुप्ता:हाउसिंग कॉलोनी में पिछले दो दिनों से जलापूर्ति ठप रहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। पानी की समस्या को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात कर 10 सूत्री मांग पत्र सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बिष्टुपुर स्थित नए फिल्टर पंप हाउस और बागबेड़ा पंप हाउस में बार-बार हो रही तकनीकी खराबी की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। साथ ही जलापूर्ति व्यवस्था का स्थायी समाधान करने, खराब मोटर, फुटबॉल्व और अन्य उपकरणों की जांच कराने तथा पंप हाउस की क्षमता और संचालन व्यवस्था की समीक्षा की मांग रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल के अनुसार वर्ष 2025 में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से नए फिल्टर पंप हाउस का निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद कॉलोनीवासियों को नियमित, पर्याप्त और शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। मांग पत्र में एलम और ब्लीचिंग केमिकल की उपलब्धता व उपयोग, उपकरणों की गुणवत्ता तथा पंप हाउस के रखरखाव की भी जांच कराने की मांग की गई।

इसके अलावा बागबेड़ा पंप हाउस की जर्जर पानी टंकी की तत्काल जांच एवं मरम्मत, संप और पानी टंकी की सफाई, नल के पानी की अधिकृत लैब से गुणवत्ता जांच तथा पर्याप्त संख्या में ऑपरेटरों की नियुक्ति की मांग भी शामिल है।

प्रतिनिधिमंडल ने योजना में तकनीकी खामियों या संभावित अनियमितताओं की जांच कर दोषी पदाधिकारी अथवा संवेदक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त राजीव रंजन ने पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को 24 घंटे के अंदर बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया। दो दिनों से पानी की आपूर्ति बाधित रहने पर उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता को फटकार लगाते हुए स्वयं पंप हाउस पहुंचकर सभी तकनीकी समस्याओं का समाधान कराने को कहा।

उपायुक्त ने कार्रवाई पूरी होने के बाद रिपोर्ट प्रस्तुत करने का भी निर्देश दिया। प्रशासन के इस निर्देश के बाद अब बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के लोगों को जल्द जलापूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।

प्रतिनिधिमंडल में पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, झरना मिश्रा, वार्ड सदस्य उमेश पांडे, वार्ड सदस्य प्रतिनिधि कुमार विशाल, समाजसेवी अजय सिंह बब्बु, बागबेड़ा मंडल कांग्रेस अध्यक्ष राजनारायण यादव, जिला कांग्रेस सचिव संजय झा, पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि श्रवण मिश्रा एवं समाजसेवी नकुल उपाध्याय शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!