Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

लिखित आश्वासन और 50 हजार की सहायता के बाद खत्म हुआ धरना, बिजली मिस्त्री रवि चाम्पिया की मौत पर मुआवजा व नौकरी की मांग

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत बेतेकेया गांव में बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान बिजली मिस्त्री रवि चाम्पिया की करंट लगने से हुई मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मुआवजा, पेंशन और नौकरी की मांग को लेकर जिला मुख्यालय में धरना दिया। आदिवासी किसान मजदूर पार्टी के जिला अध्यक्ष सह जिला परिषद सदस्य मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में मृतक के परिजन और ग्रामीण डीबीसी चाईबासा तथा कार्यपालक अभियंता कार्यालय पहुंचे और प्रदर्शन किया।

बताया गया कि रवि चाम्पिया पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से बिजली विभाग में बिजली मिस्त्री के रूप में कार्यरत थे। 6 अगस्त को जगन्नाथपुर फीडर के अंतर्गत बेतेकेया क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट लाइन में आई खराबी को ठीक करने के दौरान करंट की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि घटना के बाद बिजली विभाग के अधिकारी मृतक के परिवार से मिलने नहीं पहुंचे और न ही मुआवजा एवं अन्य सरकारी सहायता को लेकर स्पष्ट पहल की गई। परिजनों ने मांग की कि मृतक के आश्रितों को मिलने वाले सभी देय लाभों को लेकर कार्यपालक अभियंता की ओर से लिखित आश्वासन दिया जाए।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने कार्यपालक अभियंता कार्यालय के मुख्य गेट के पास करीब चार घंटे तक शव रखकर धरना दिया। इस दौरान मृतक के परिवार की ओर से 10 लाख रुपये मुआवजा, पत्नी शीला चाम्पिया को 80 प्रतिशत पेंशन तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग रखी गई।

धरने के दौरान कुछ ग्रामीण कार्यालय कक्ष तक भी पहुंच गए। इसके बाद बिजली विभाग की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया। साथ ही तत्काल अंतिम संस्कार के लिए 50 हजार रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई। आश्वासन और सहायता मिलने के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

खराब मौसम के बीच लाइन मरम्मत करने पहुंचे थे रवि

नोवामुंडी के कनीय विद्युत अभियंता दिलीप प्रसाद के अनुसार, 6 अगस्त को खराब मौसम के कारण जगन्नाथपुर फीडर के बेतेकेया क्षेत्र में बिजली लाइन में खराबी आई थी। इसे ठीक करने के लिए रवि चाम्पिया सुबह करीब नौ बजे घर से निकले थे। उन्होंने पहले कोटगढ़ क्षेत्र में लाइन की मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की। इसके बाद वे बेतेकेया क्षेत्र में दूसरी खराबी को ठीक करने पहुंचे।

बताया गया कि करीब 11 बजे पोल पर चढ़कर काम करने के दौरान अचानक लाइन में बिजली प्रवाहित हो गई। करंट लगने से रवि चाम्पिया की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद विभागीय स्तर पर आगे की कार्रवाई जारी है। वहीं, मृतक के परिवार को नियमानुसार मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी करने का विभाग ने आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!