
चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के 56-चक्रधरपुर विधानसभा क्षेत्र ने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा कर झारखंड का पहला विधानसभा क्षेत्र बनने का गौरव हासिल किया है।

जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार यह उपलब्धि निर्वाचन पदाधिकारियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों और आम नागरिकों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि समयबद्ध और त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन लोकतांत्रिक प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि यह सफलता टीम भावना, अनुशासन और निर्वाचन कार्यों के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
उपायुक्त ने जिले के अन्य विधानसभा क्षेत्रों के अधिकारियों और कर्मियों से भी निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से डिजिटाइजेशन कार्य पूरा करने का आह्वान किया। जिला निर्वाचन कार्यालय ने इस उपलब्धि में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों, कर्मियों और जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया।




