
गुवा : राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस को सफल बनाने के उद्देश्य से गुवा पान तांती समाज केंद्रीय कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार देर शाम गुवा स्थित बोकारो स्टील वर्कर्स यूनियन (इंटक) कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समाज के अध्यक्ष शंकर दास ने की। इस दौरान आगामी 7 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की गई तथा आयोजन को भव्य और सफल बनाने के लिए विभिन्न जिम्मेदारियां तय की गईं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 9:00 बजे बैंक ऑफ इंडिया चौक (मोड़), गुवा से बिरसा मुंडा चौक तक भव्य प्रभात फेरी के साथ किया जाएगा। प्रभात फेरी के माध्यम से समाज के लोग हस्तकरघा उद्योग के महत्व और इसकी समृद्ध परंपरा के प्रति जनजागरूकता फैलाएंगे। इसके बाद गुवा एसबीआई बैंक के पीछे स्थित क्लब परिसर में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें समाज के लोग बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
इसे भी पढ़ें : Dumaria : धोलाबेडा-बारदागोडा सड़क पर युवाओं का श्रमदान, गड्ढे भर प्रशासन को जगाने की कोशिश
व्यवस्थाओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों पर भी हुई चर्चा
बैठक में यह भी तय किया गया कि दोपहर 1:30 बजे तक चलने वाले मुख्य कार्यक्रम को गरिमामय एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए अतिथियों के स्वागत, मंच संचालन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तथा अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। केंद्रीय कमेटी ने समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं से सपरिवार कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग निर्धारित समय से पूर्व बैंक ऑफ इंडिया चौक पहुँचकर प्रभात फेरी में भाग लें और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें। बैठक में समाज की एकजुटता और हस्तकरघा परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर सचिव रवि चन्द्र पान, संरक्षक विश्वजीत तांती, सलाहकार गुरुचरण पान एवं रामचन्द्र दास, सक्रिय सदस्य विनय दास और तारूण कुमार पान, नगर सचिव उग्रसेन केशरी, गोपाल पान, सागर दास समेत समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय हस्तकरघा दिवस को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।




