Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

आदिवासी उरांव समाज की बैठक में करम पूजा को लेकर बनी सहमति

चाईबासा: आदिवासी उरांव समाज की बैठक पुलहातु स्थित कुडुख सामुदायिक भवन में संचू तिर्की की अध्यक्षता में हुई। बैठक में 30 जून 2026 को संपन्न उरांव समाज के स्थापना दिवस कार्यक्रम की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी सितंबर माह में आयोजित होने वाले करम पूजा महोत्सव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष संचू तिर्की ने कहा कि 30 जून को आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम काफी सफल रहा। इसकी सफलता का श्रेय समाज के सभी लोगों को जाता है। उन्होंने भविष्य में होने वाले सामाजिक कार्यक्रमों में भी सभी से सहयोग की अपेक्षा की।

सचिव अनिल लकड़ा ने स्थापना दिवस कार्यक्रम को सफल बताते हुए कहा कि कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित करने से उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और उत्साह बढ़ता है। भविष्य में इस तरह के सम्मान कार्यक्रम को और व्यापक रूप देने की आवश्यकता है। उपस्थित सदस्यों ने उनके विचार का समर्थन किया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष करम पूजा भादो शुक्ल पक्ष की एकादशी, 22 सितंबर 2026 मंगलवार को धूमधाम से मनाई जाएगी। 21 सितंबर सोमवार को करम जागरण तथा 23 सितंबर बुधवार को करम विसर्जन के साथ पूजा कार्यक्रम संपन्न होगा।

बैठक में प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी करम त्योहार से संबंधित पोस्टर एवं पंपलेट छपवाकर वितरित करने का निर्णय लिया गया। नदीपार के कार्यकारी मुखिया सावन खलको ने कहा कि पोस्टर एवं पंपलेट के माध्यम से त्योहार से जुड़ी जानकारी दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी आसानी से पहुंचती है और त्योहार मनाने में एकरूपता बनी रहती है।

खेल एवं सांस्कृतिक संस्थान के कोषाध्यक्ष दुर्गा खलको ने कहा कि करम पूजा एक महत्वपूर्ण धार्मिक त्योहार है, जिसे पूरे नेग-नियम और उल्लास के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि करम त्योहार के अवसर पर प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी 25 एवं 26 सितंबर 2026 को स्थानीय फुटबॉल मैदान में दो दिवसीय फुटबॉल एवं खेलकूद सह-मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसकी विस्तृत रूपरेखा पर आगामी 6 सितंबर की बैठक में चर्चा की जाएगी।

बैठक के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष लक्ष्मण बरहा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में बाबूलाल बरहा, महावीर बरहा, भरत कुजूर, भीम बरहा, तेजो कच्छप, भोला कुजूर, कृष्णा तिग्गा, मोहन बरहा, संजय नीमा, बिष्णु मिंज, अंकुश कच्छप, खुदिया कुजूर, किरण नुनिया, ननकी लकड़ा और अमित बरहा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!