सरायकेला-खरसावां में आपूर्ति विभाग की योजनाओं की समीक्षा, अक्टूबर में शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण का निर्देश

सरायकेला-खरसावां, 05 अक्टूबर 2026। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक हुई। बैठक में PDS, खाद्यान्न उठाव एवं वितरण, NFSA, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, डीलर टैगिंग, डोर-स्टेप डिलीवरी, गोदामों की स्थिति, धान अधिप्राप्ति, किसान पंजीकरण सहित कई बिंदुओं पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने अक्टूबर माह में शत-प्रतिशत खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने तथा नवंबर-दिसंबर की DSD निर्धारित समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने PDS दुकानों का नियमित स्टॉक सत्यापन और औचक निरीक्षण करने तथा अनियमितता मिलने पर संबंधित डीलरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा।
NFSA लाभुकों का शत-प्रतिशत ई-केवाईसी एवं आधार सीडिंग कराने के लिए विशेष शिविर लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं अपात्र लाभुकों के सत्यापन के बाद नियमानुसार राशन कार्ड से नाम हटाने और लंबे समय से खाद्यान्न नहीं उठाने वाले लाभुकों के मामलों की जांच करने को कहा गया।
बैठक में जिले के 34 धान अधिप्राप्ति केंद्रों की तैयारियों की भी समीक्षा हुई। उपायुक्त ने किसानों का अधिक से अधिक पंजीकरण कराने, केंद्रों की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने, जेएसएलपीएस के सीएलएफ को प्रक्रिया में सहभागी बनाने तथा राइस मिलरों की सुगम टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने अधिकारियों को कार्यशैली में सुधार लाने, लंबित मामलों में तेजी लाने और आम लोगों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रवैया अपनाने को कहा। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी राहुल जी आनंद सहित प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, सहायक गोदाम प्रबंधक, राइस मिलर एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मी मौजूद रहे।




