Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

कुमब्रम गांव में बदला 25 केवी ट्रांसफार्मर, कई दिनों बाद लौटी बिजली

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के मझगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर प्रखंड की तांतनगर पंचायत के कुमब्रम गांव में कई दिनों से जले 25 केवी के ट्रांसफार्मर को बदलकर नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। ट्रांसफार्मर खराब रहने के कारण पूरा गांव अंधेरे में था और बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि समस्या को लेकर स्थानीय विधायक और सांसद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों से भी संपर्क किया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। इसके बाद ग्रामीणों ने भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष सह झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई से संपर्क कर अपनी समस्या बताई।

ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए बड़कुंवर गागराई ने दूरभाष के माध्यम से संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत की और जल्द ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने को कहा। उनके हस्तक्षेप के बाद बिजली विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव में नया 25 केवी का ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराया।

इस मौके पर बड़कुंवर गागराई ने कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से ग्रामीणों को लंबे समय तक वंचित रखना उचित नहीं है। ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की समस्या का त्वरित समाधान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को संबंधित विभाग तक पहुंचाकर उसका समाधान कराने का प्रयास आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में बिजली नहीं रहने से ग्रामीणों को विशेष परेशानी होती है। अंधेरे में सांप-बिच्छू और अन्य कीड़े-मकोड़ों का खतरा बना रहता है। ऐसे समय में बिजली की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए।

नया ट्रांसफार्मर गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों में खुशी देखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बहाल होने से बच्चों की पढ़ाई, दैनिक कार्य और रात के समय सुरक्षा को लेकर काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने बड़कुंवर गागराई के प्रति आभार जताते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों से सहयोग की उम्मीद रहती है। जब स्थानीय स्तर पर समस्या का समाधान नहीं होता है तो जनता को निराशा होती है।

नया ट्रांसफार्मर लाने के दौरान गांव से बालेश्वर हेंब्रम, निरल हेंब्रम, प्रेम हेंब्रम, डोंका हेंब्रम, नारेश हेंब्रम, सुमन तांती, विजय गोप, तुराम हेंब्रम और आकाश हेंब्रम सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!