पोटका प्रखंड मुख्यालय में संजीव सरदार ने सुनी ग्रामीणों की SIR संबंधी समस्याएं

पोटका। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर पोटका प्रखंड मुख्यालय में पोटका विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने मतदाता सूची में नाम कटने की आशंका, नोटिस मिलने तथा आवश्यक दस्तावेजों से जुड़ी परेशानियों से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने बताया कि SIR प्रक्रिया के दौरान दस्तावेजों को लेकर कई तरह की परेशानियां सामने आ रही हैं। कई लोगों को नोटिस मिलने के बाद मतदाता सूची में अपने नाम को लेकर चिंता बनी हुई है। इस पर संजीव सरदार ने कहा कि SIR के नाम पर आम जनता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी तरीके से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न हो।
विधायक ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उससे निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाने, दस्तावेजों तथा अन्य प्रक्रियाओं को लेकर जनता के बीच उत्पन्न हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को संविधान और जनता के हित में निष्पक्ष होकर कार्य करना चाहिए।
संजीव सरदार ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि वे SIR को लेकर गांव-गांव में लोगों के संपर्क में रहें। जिन ग्रामीणों को नोटिस या दस्तावेजों से संबंधित परेशानी हो रही है, उनकी मदद करते हुए उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाए।
विधायक ने कहा कि जनता के अधिकार और मताधिकार की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी तथा SIR से उत्पन्न समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल जारी रहेगी।




