टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का एजीएम मनीष जैन ने लिया जायजा

जमशेदपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के एजीएम मनीष जैन ने सोमवार को टाटानगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उनके साथ चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया समेत रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
एजीएम ने टाटानगर स्टेशन के मुख्य परिसर के साथ सेकंड एंट्री क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की स्थिति, यात्री सुविधाओं, परिचालन व्यवस्था और भविष्य की योजनाओं की जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के दौरान यात्रियों को कम से कम परेशानी हो और गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा का पालन किया जाए।
दिसंबर 2028 तक पूरा होगा पुनर्विकास
निरीक्षण के दौरान टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। रेलवे ने स्टेशन के पुनर्विकास को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अधिकारियों ने अब तक हुए कार्यों और आगामी चरणों की जानकारी एजीएम को दी। मनीष जैन ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
वंदे भारत कोचिंग डिपो और थर्ड लाइन पर चर्चा
दौरे के दौरान टाटानगर में प्रस्तावित वंदे भारत कोचिंग डिपो की योजना की भी समीक्षा हुई। इसके अलावा टाटानगर-आदित्यपुर के बीच प्रस्तावित थर्ड लाइन को लेकर आवश्यक तैयारियों और आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में अन्य रेल विकास कार्यों के साथ दिसंबर 2026 तक खड़गपुर, आगरा और रांची डिवीजन में एनआई (नॉन-इंटरलॉकिंग) से जुड़े कार्यों को पूरा करने के लक्ष्य पर भी जानकारी साझा की गई।
जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग
निरीक्षण के दौरान सिख समाज के प्रतिनिधिमंडल ने एजीएम मनीष जैन से मुलाकात कर टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन के बजाय प्रतिदिन चलाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि दैनिक परिचालन से जमशेदपुर और आसपास के यात्रियों को पंजाब जाने में सुविधा मिलेगी।
एजीएम ने बताया कि ट्रेन की परिचालन आवृत्ति बढ़ाने का निर्णय रेलवे बोर्ड के स्तर पर होता है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल की मांग और संबंधित जानकारी रेलवे बोर्ड तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता
पत्रकारों से बातचीत में मनीष जैन ने कहा कि टाटानगर स्टेशन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का निरीक्षण कर स्थिति की जानकारी ली जा रही है। सभी कार्य रेलवे के निर्धारित नियमों और सिस्टम के अनुसार आगे बढ़ाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
एजीएम का यह दौरा टाटानगर स्टेशन के पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा प्रस्तावित महत्वपूर्ण रेल परियोजनाओं की प्रगति के लिहाज से अहम रहा।




