मानगो पुल पर बच्चे के साथ नदी में कूदने का प्रयास, राहगीरों ने महिला को बचाया

जमशेदपुर। मानगो पुल पर सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भालूबासा निवासी एक महिला ने अपने बच्चे के साथ स्वर्णरेखा नदी में कूदने का प्रयास किया। महिला की गतिविधियों पर पुल से गुजर रहे राहगीरों की नजर पड़ गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को रोक लिया और उसके साथ मौजूद बच्चे को भी सुरक्षित बचा लिया।
घटना के बाद मानगो पुल पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अपने साथ ले गई। पुलिस महिला से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला पिछले कुछ दिनों से पारिवारिक विवाद को लेकर तनाव में थी। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस महिला के परिजनों से भी जानकारी ले रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
राहगीरों की सतर्कता और समय पर हस्तक्षेप के कारण महिला और बच्चे को सुरक्षित बचाया जा सका। घटना के बाद पुल पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।




