कुमब्रम में 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन, बड़कुंवर गागराई ने ग्रामीण बिजली व्यवस्था पर उठाए सवाल

चाईबासा। मंझगांव विधानसभा क्षेत्र के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत कुमब्रम गांव में 25 केवी ट्रांसफार्मर का उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं भाजपा झारखंड प्रदेश के पूर्व उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने किया। फीता काटकर किए गए उद्घाटन के बाद ग्रामीणों में बिजली व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जगी है।
इस दौरान बड़कुंवर गागराई ने कहा कि बिजली आज के समय में ग्रामीणों के लिए बुनियादी आवश्यकता है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, कृषि और छोटे-छोटे रोजगार से जुड़े कार्य बिजली पर निर्भर हैं। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली की समस्या बनी रहना चिंता का विषय है।
उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि सांसद और विधायक को अपने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को सरकार और संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाना चाहिए। गांवों में ट्रांसफार्मर, सड़क, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं की कमी दूर कराने के लिए लगातार पहल जरूरी है।
गागराई ने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाने के बजाय नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं की जानकारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि विकास से जुड़े मुद्दों का समाधान राजनीति से ऊपर उठकर किया जाना चाहिए।
उन्होंने संबंधित विभाग से कुमब्रम सहित अन्य गांवों में भी बिजली व्यवस्था में सुधार और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
कार्यक्रम में बालेश्वर हेंब्रम, प्रकाश गोप, हीरो पूर्ति, निरल हेंब्रम, संजय पूर्ति, सन्यासी हेंब्रम, जौंडिस हेंब्रम, गलिया हेंब्रम, जामदार पूर्ति, कामलेश हेंब्रम, दिलीप गोप, धर्मेंद्र गोप, अविनाश गोप, डोंका हेंब्रम, लक्ष्मी गोप, मनीषा गोप, शांति गोप, राधिका गोप और अनुष्का गोप समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर उपलब्ध होने पर आभार जताया और गांव में नियमित एवं पर्याप्त बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।




