मनोहरपुर में ठप पड़ी 108 एम्बुलेंस सेवा, तीनों वाहन खराब, मरीजों को हो रही भारी परेशानी

मनोहरपुर: झारखंड सरकार की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा के तहत संचालित निःशुल्क 108 एम्बुलेंस सेवा मनोहरपुर में पूरी तरह ठप हो गई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में मौजूद तीनों एम्बुलेंस लंबे समय से खराब पड़ी हैं, जिससे दुर्घटना, सर्पदंश, प्रसव और अन्य गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में कठिनाई हो रही है।

सरकार द्वारा 24 घंटे निःशुल्क एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का दावा किया जाता है, लेकिन वाहनों के खराब होने के कारण खासकर सुदूरवर्ती गांवों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
एम्बुलेंस कर्मियों के अनुसार, लंबे समय से रखरखाव नहीं होने के कारण तीनों वाहन सेवा से बाहर हैं, जिससे आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से जल्द मरम्मत कर 108 एम्बुलेंस सेवा बहाल करने की मांग की है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।




