सांप के काटने से महिला सीएचसी में भर्ती, हालत स्थिर जलावन निकालने के दौरान उंगली में डसा सांप

मनोहरपुर, 2 अगस्त: आनंदपुर प्रखंड के तेंताड़ी गांव में रविवार को जहरीले सांप के काटने से 25 वर्षीय शांति भेंगरा घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, शांति भेंगरा घर में खाना बनाने के लिए जलावन निकाल रही थीं। इसी दौरान जलावन में छिपे सांप ने उनके दाएं हाथ की उंगली में काट लिया। सर्पदंश के बाद उनके हाथ में तेज जलन और सूजन होने लगी। घटना के बाद परिजनों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया।
सीएचसी के चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर है और उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने बरसात के मौसम में ग्रामीणों से खेत-खलिहान और जलावन निकालते समय विशेष सावधानी बरतने तथा सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की अपील की है।




