Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

22 परीक्षाएं रद्द होने पर रामहरि पेरियार ने भर्ती व्यवस्था पर उठाए सवाल

चाईबासा: राज्य में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के रद्द होने और कई परीक्षाओं के सीआईडी जांच के दायरे में आने को लेकर एंटी करप्शन ऑफ इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं रांची लोकसभा और ईचागढ़ विधानसभा सीट से पूर्व प्रत्याशी धी. रामहरि पेरियार ने सरकार और भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

रामहरि पेरियार ने कहा कि 22 परीक्षाओं का रद्द होना और 17 मामलों का सीआईडी जांच के दायरे में आना गंभीर विषय है। इससे वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की मेहनत और भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने भर्ती नीति की कमी, प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था को इसके लिए जिम्मेदार बताया।

उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के युवा वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं और पढ़ाई पर बड़ी राशि खर्च करते हैं। परीक्षा के बाद अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आने पर पूरी प्रक्रिया रद्द हो जाती है, जिससे अभ्यर्थियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी झेलनी पड़ती है।

पेरियार ने कहा कि सरकारें और चेहरे बदलते रहे, लेकिन रोजगार की तलाश कर रहे झारखंड के युवाओं की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं आया। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि परीक्षा व्यवस्था पारदर्शी और सुरक्षित नहीं है तो उसकी कीमत अभ्यर्थियों से क्यों वसूली जाए। जिस स्तर पर गलती हुई है, वहां जवाबदेही तय होनी चाहिए।

उन्होंने सरकार से सभी लंबित भर्ती परीक्षाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने, सीआईडी जांच के मामलों में दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई करने और राज्य में पारदर्शी वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू करने की मांग की।

उन्होंने अभ्यर्थियों की उम्र और वर्षों की मेहनत को देखते हुए आवश्यक आयु सीमा में छूट देने की मांग भी की। साथ ही प्रश्नपत्र लीक, भ्रष्टाचार और गंभीर अनियमितताओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भर्ती प्रक्रिया को और मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई।

रामहरि पेरियार ने कहा कि झारखंड के युवाओं को भाषण और आश्वासन नहीं, बल्कि रोजगार और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया चाहिए। उनके अनुसार 22 परीक्षाओं का रद्द होना भर्ती व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!