*मरीन ड्राइव हादसे में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी समेत चार युवाओं की मौत, चाईबासा में भी शोक*

चाईबासा: जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव पर गुरुवार तड़के हुए सड़क हादसे में झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार युवाओं की मौत हो गई। मृतकों में सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता और वंशिका खंडेलवाल भी शामिल हैं। हादसा बुधवार की मध्य रात्रि करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुआ। बताया गया कि तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब होकर खड़े ट्रक के पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद सभी शवों को एमजीएम अस्पताल लाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता, सुधा गुप्ता, घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन, कुणाल सारंगी समेत कई नेता एमजीएम अस्पताल पहुंचे। नेताओं ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।
घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर मृतकों के परिजनों से मुलाकात की और दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुख की घड़ी में शक्ति देने की कामना की।
पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा और डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर ने घटना की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे एक ब्रेकडाउन ट्रक खड़ा था, जिसमें पीछे से कार ने टक्कर मार दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चारों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
ट्रक मालिक सह चालक के पुत्र पंकज तिवारी ने बताया कि ट्रक खराब होने के कारण उनके पिता मिस्त्री लाने के लिए चले गए थे और ट्रक को सड़क किनारे छोड़ गए थे। उनके अनुसार ट्रक में लाल कपड़ा लगाया गया था और झाड़ी के साथ लाल बत्ती भी जल रही थी। इसके बावजूद कार ने पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद पुलिस की मदद से कटर से कार को काटकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद चाईबासा में भी कई लोगों ने शोक जताया। पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा, भाजपा जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू, सिविल सर्जन पश्चिम सिंहभूम चाईबासा मीना कालुंडिया, पूर्व भाजपा जिला महामंत्री प्रताप महतो कटियार, जगन्नाथपुर विधानसभा के विधायक सह कांग्रेस जिला अध्यक्ष सोनाराम सिंकु और कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने तृषा सिंह समेत सभी चार मृतकों के निधन पर दुख व्यक्त किया। सभी ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोकाकुल परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की कामना की।




