*मनोहरपुर में सरकारी भूमि पर बनेगा मिनी पार्क और ओपन जिम*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार ने मनोहरपुर प्रखंड क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मनोहरपुर पश्चिमी पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय स्तर पर नागरिक सुविधाओं और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। उपायुक्त ने मनोहरपुर थाना के समीप स्थित सरकारी भूमि का निरीक्षण कर इसके बेहतर उपयोग के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त मनीष कुमार ने थाना के समीप खाली सरकारी भूमि पर मिनी पार्क और ओपन जिम विकसित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि का योजनाबद्ध तरीके से विकास किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को सार्वजनिक सुविधा के साथ बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए मनोरंजन एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का स्थान मिल सके।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने क्षेत्र में हाई मास्क लाइट लगाने का भी निर्देश दिया। इससे सार्वजनिक स्थल और आसपास का क्षेत्र पर्याप्त रूप से रोशन रहेगा। पार्क के किनारे पौधारोपण करने और लोगों के बैठने के लिए बेंच लगाने को भी कहा गया। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों की रूपरेखा तैयार कर आपसी समन्वय के साथ जल्द कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
वहीं, थाना चौक से बाजार क्षेत्र तक जल निकासी की समस्या को देखते हुए उपायुक्त ने नाली निर्माण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए स्थल का आकलन कर व्यवस्थित जल निकासी की व्यवस्था की जाए। इससे बारिश के दौरान आम लोगों और दुकानदारों को होने वाली परेशानी को कम किया जा सकेगा।




