कोल्हान

वोट बचाओ, देश बचाओ मार्च को लेकर इंडिया गठबंधन की तैयारी तेज, 8 अक्टूबर को साकची से निकलेगा मार्च

जमशेदपुर, 7 अक्टूबर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से 8 अक्टूबर को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च का आयोजन किया जाएगा। ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत होने वाले इस मार्च को लेकर बुधवार को परिसदन के कॉन्फ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने की। इसमें जिला प्रभारी शशिभूषण राय सहित इंडिया गठबंधन के विभिन्न घटक दलों के नेता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

जिला प्रभारी शशिभूषण राय ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश तथा झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी और इंडिया गठबंधन के मार्गदर्शन में 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जा रहा है। इसके तहत देशभर में लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले में 8 अक्टूबर को बड़े पैमाने पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च निकाला जाएगा। मार्च साकची स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल से शुरू होकर पुराना कोर्ट स्थित बाबासाहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगा।

शशिभूषण राय ने बताया कि मार्च को सफल बनाने के लिए इंडिया गठबंधन के घटक दलों के पदाधिकारियों एवं नेताओं के साथ समन्वय स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे को लेकर आम लोगों के बीच जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष परविंदर सिंह ने कहा कि प्रखंड स्तर पर इंडिया गठबंधन के घटक दलों द्वारा व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से लोगों को उनके मताधिकार, लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मार्च में इंडिया गठबंधन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के नेताओं के साथ जिला, प्रखंड, मंडल और पंचायत स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे।

परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मानना है कि मतदाता का वोट लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। इसलिए किसी भी योग्य नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए और किसी भी अयोग्य व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए। उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता बनाए रखने को लोकतंत्र के लिए आवश्यक बताया।

माले कोल्हान संयोजक ओमप्रकाश सिंह ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर इंडिया गठबंधन की ओर से उठाए जा रहे सवालों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई जा रही हैं और इन मुद्दों को जनता के बीच ले जाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग के साथ निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की।

राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव ने जिले की जनता, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि वोट केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियादी ताकत है और इसकी रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी शशिभूषण राय, जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह, माले कोल्हान संयोजक ओमप्रकाश सिंह, राजद प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव, शंभू चौधरी, प्रदेश सचिव राजेश यादव, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अजीत यादव, कॉमरेड रामेश्वर प्रसाद, संयोजक राजकिशोर यादव, कार्यकारी अध्यक्ष अवधेश सिंह, प्रताप यादव, ब्रजेन्द्र तिवारी, आशुतोष सिंह, रामलाल प्रसाद पासवान, राकेश साहू, अंसार खान, फिरोज खान, अतुल गुप्ता, हरिराम टुडू, कौशल प्रधान, रंजीत झा, ज्योति मिश्र, सुनील प्रसाद, राजेश चौधरी और संजय सिंह आजाद सहित अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!