*प्रोजेक्ट जागृति के तहत छह स्वास्थ्य केंद्रों में रक्तदान शिविर, 312 यूनिट रक्त संग्रह*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में प्रोजेक्ट जागृति–बेहतर स्वास्थ्य की ओर एक कदम के तहत शनिवार को छह स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। सदर अस्पताल चाईबासा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मनोहरपुर, चक्रधरपुर, नोवामुंडी, खूंटपानी और तांतनगर में आयोजित शिविरों में कुल 312 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
सदर अस्पताल चाईबासा स्थित कुपोषण उपचार केंद्र (एमटीसी) में उपायुक्त मनीष कुमार उपस्थित हुए। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान किए। शिविरों में प्रशासनिक अधिकारियों और अभियंताओं ने स्वैच्छिक रक्तदान कर आम लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार की मौजूदगी में सहायक समाहर्ता ईरा जोरवाल ने अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर में रक्तदान किया। उत्कर्ष कुमार ने कहा कि दुर्घटना, गंभीर बीमारी, आपातकालीन स्थिति और शल्य चिकित्सा के दौरान मरीजों को रक्त की जरूरत पड़ती है। स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है। उन्होंने स्वस्थ और पात्र लोगों से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
सदर अस्पताल के कुपोषण उपचार केंद्र में गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती और ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता राजू मरांडी ने भी रक्तदान किया। खूंटपानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रखंड विकास पदाधिकारी धनंजय पाठक ने स्वैच्छिक रक्तदान किया।
सहायक समाहर्ता हीरा जोरवाल ने कहा कि प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की देखरेख में निर्धारित चिकित्सकीय मानकों के अनुसार रक्तदान सुरक्षित प्रक्रिया है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन बचाने में मददगार हो सकती है। उन्होंने लोगों से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियां दूर करने और पात्रता के अनुसार स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की।
प्रोजेक्ट जागृति के तहत आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अस्पतालों में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग देना है। रक्तदान से पहले दाताओं की स्वास्थ्य जांच और पात्रता का आकलन किया जाता है।




