Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*डी-टाइप कॉलोनी में सेल अधिकारी के आवास से आठ लाख की चोरी* 

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के किरीबुरू के डी-टाइप कॉलोनी स्थित सेल अधिकारी राहुल यादव के सरकारी आवास संख्या डी-33 में अज्ञात चोरों ने करीब आठ लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, मोबाइल फोन और 15 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना 24 और 25 सितंबर की मध्यरात्रि की बताई जा रही है। घटना के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

राहुल यादव के अनुसार, वह परिवार के साथ काम के सिलसिले में दुर्गापुर गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने उनके सरकारी आवास को निशाना बनाया। चोरों ने घर के तीन दरवाजों पर लगे चार तालों को तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद घर के बीच वाले हिस्से में रखे गोदरेज को कथित तौर पर बिना क्षतिग्रस्त किए खोल लिया और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य कीमती सामान निकाल लिए।

बताया गया कि चोरों ने घर के अन्य सामानों को नहीं छुआ। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों को घर में रखे सामान की जानकारी हो सकती थी। वारदात से पहले चोरों ने घर के बाहर जल रहे दो बल्ब भी खोलकर नीचे रख दिए थे। इससे चोरी की घटना को लेकर पहले से रेकी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के साथ ही घटना से जुड़े अन्य बिंदुओं की जानकारी जुटा रही है।

खास बात यह है कि जिस स्थान पर चोरी हुई, उसके पीछे पुलिस इंस्पेक्टर का कार्यालय और आवास स्थित है। वहीं करीब 100 से 150 मीटर की दूरी पर एसडीपीओ का आवास और कार्यालय भी है। ऐसे स्थान पर चोरी की घटना होने से इलाके में रात की सुरक्षा और गश्ती व्यवस्था को लेकर लोगों में चर्चा शुरू हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले एक महीने में किरीबुरू क्षेत्र में दुकानों, सामुदायिक भवनों, कार्यालयों और वाहनों से चोरी की कई घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!