Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*तांतनगर के मुरडीह में घर की दीवार गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत, भाई घायल* 

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के मुरडीह गांव में शनिवार दोपहर घर की नई बनी दीवार गिरने से एक चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसका पांच वर्षीय भाई घायल हो गया। घायल बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया।

मृत बच्चे की पहचान धनसा गोडसोरा के रूप में हुई है, जबकि घायल उसका भाई अरुण गोडसोरा है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

मृत बच्चे के पिता दोड़ाई गोडसोरा ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच परिवार के लोग घर के बाहर बैठे हुए कुछ काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों बच्चे घर के अंदर खेल रहे थे। अचानक घर की नई बनी दीवार बच्चों के ऊपर गिर गई। दीवार गिरने के बाद बच्चों के रोने की आवाज सुनकर परिवार के लोग दौड़कर कमरे के अंदर पहुंचे।

उन्होंने बताया कि हादसे में पांच वर्षीय अरुण गोडसोरा भी दीवार की चपेट में आकर घायल हो गया। उसके पैर और कमर में गंभीर चोट आई है। उन्होंने बताया कि अरुण पहले से ही दिव्यांग है। वहीं चार वर्षीय धनसा दीवार के नीचे पूरी तरह दब गया था। काफी मशक्कत के बाद उसे मलबे से बाहर निकाला गया।

परिजन आनन-फानन में दोनों बच्चों को तांतनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने धनसा गोडसोरा की जांच करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को लेकर चाईबासा पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।

सूचना मिलने के बाद तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल अरुण गोडसोरा को चाईबासा सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर रेफर कर दिया। घटना के बाद परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!