कोल्हान विश्वविद्यालय में जिला स्तरीय आभार कार्यक्रम, 226.72 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों व वित्तीय सहायता का वितरण

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन की ओर से शनिवार को कोल्हान विश्वविद्यालय सभागार में जिला स्तरीय आभार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड सरकार के राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार (निबंधन रहित) तथा परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अपने संबोधन में मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसानों के कल्याण और आजीविका संवर्द्धन जैसे क्षेत्रों में सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने आम लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और पात्र लोगों को भी इन योजनाओं से जोड़ने की अपील की। साथ ही जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना के तहत जिले की 1,72,749 महिलाओं के बैंक खातों में 43 करोड़ 18 लाख 72 हजार 500 रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई। वहीं सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत 1,34,037 लाभुकों के खातों में 13 करोड़ 40 लाख 37 हजार रुपये भेजे गए।
इसके अलावा छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। साथ ही प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत भी लाभ प्रदान किए गए। विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से लाभुकों, स्वयं सहायता समूहों तथा संस्थाओं के बीच कुल 226 करोड़ 72 लाख 54 हजार 500 रुपये की परिसंपत्तियों और वित्तीय सहायता का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री दीपक बिरुवा एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने टीबी मुक्त अभियान, मलेरिया एवं डेंगू से बचाव अभियान, विश्व स्तनपान सप्ताह, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान, पेयजल संरक्षण एवं सम्मान अभियान, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना तथा जिला परिवहन कार्यालय सहित विभिन्न विभागों के जागरूकता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों को सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी अभियानों के प्रति जागरूक करेंगे।
इसके बाद मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से पात्र लाभुकों तक पहुंचाया जाए।
कार्यक्रम में मझगांव विधायक निरल पुरती, चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, खरसावां विधायक दशरथ गागराई, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, मनोहरपुर विधायक जगत मांझी, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सभी वन प्रमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे।




