जमशेदपुर के नीलडीह में दो दिनों से सड़क पर पड़ा कंटीले पेड़ का हिस्सा, जिम्मेदार बेखबर; हादसे का खतरा
नीलडीह इवनिंग क्लब के पास मुख्य सड़क पर जंगली जलेबी के पेड़ की बड़ी टहनी गिरने से आवागमन प्रभावित, तत्काल हटाने की मांग।

जमशेदपुर: नीलडीह इवनिंग क्लब के पास मुख्य सड़क पर जंगली जलेबी के पेड़ का एक बड़ा कंटीला हिस्सा टूटकर गिर गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले दो दिनों से पेड़ की यह टहनी सड़क पर खतरनाक स्थिति में पड़ी हुई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
सड़क पर पड़ा है कंटीला पेड़
बताया गया कि पेड़ की बड़ी टहनी सड़क के हिस्से में गिरी हुई है। इसमें मौजूद कांटों के कारण स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो गई है। सड़क से गुजरने वाले दोपहिया और अन्य वाहन चालकों को इससे परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय स्तर पर सवाल उठाया जा रहा है कि पिछले दो दिनों से सड़क पर पेड़ का हिस्सा पड़े होने के बावजूद इसे हटाने के लिए अब तक संबंधित एजेंसियों की ओर से कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जिम्मेदार एजेंसियों से तत्काल कार्रवाई की मांग
वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंदमय पात्रा ने जिला प्रशासन और जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) से सड़क पर गिरे पेड़ के हिस्से को तत्काल हटाने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर इस तरह पेड़ की टहनी पड़े रहने से किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से समय रहते संज्ञान लेकर इसे हटाने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर पिछले सड़क हादसों से कब सबक लिया जाएगा और दुर्घटना की आशंका वाले स्थानों पर समय रहते कार्रवाई कब होगी।




