Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

केन्दुआ में पंचायत स्तरीय कृषक गोष्ठी आयोजित, उन्नत खेती के साथ खाद की कालाबाजारी का मुद्दा भी उठा

डुमरिया: कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के आत्मा (ATMA) के तत्वावधान में सहायता अनुदान योजना के अंतर्गत सोमवार को डुमरिया प्रखंड के केन्दुआ पंचायत भवन में पंचायत स्तरीय कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देकर कृषि उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रेरित करना था। परियोजना निदेशक, आत्मा, पूर्वी सिंहभूम के निर्देशन में आयोजित इस गोष्ठी में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मिलेट, दलहन एवं तिलहन की उन्नत खेती, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, बीजोपचार, कटाई उपरांत प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, गुणवत्तायुक्त बीज के महत्व, समेकित पोषक तत्व प्रबंधन तथा कीट नियंत्रण के आधुनिक तरीकों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विशेषज्ञों ने किसानों से वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाने, उत्पादन लागत कम करने तथा बेहतर गुणवत्ता वाली फसलों का उत्पादन करने का आह्वान किया। साथ ही सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी किसानों को दी गई।

गोष्ठी के दौरान किसानों ने खेती से जुड़ी कई गंभीर समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। किसानों ने आरोप लगाया कि बाजार में यूरिया निर्धारित मूल्य से कहीं अधिक, लगभग ₹500 प्रति बोरा तथा डीएपी ₹2300 से ₹2500 प्रति बोरा तक बेची जा रही है। किसानों का कहना था कि खाद की कालाबाजारी और अधिक कीमतों के कारण आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को खेती करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा किसानों ने समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध नहीं होने और पात्र किसानों के बजाय अन्य लोगों के बीच बीज वितरण किए जाने की शिकायत भी की। किसानों ने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

किसानों की शिकायतों पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी बिदु चंदन बोदरा एवं एटीएम रसोराज माहतो ने कहा कि यदि खाद की अधिक कीमत पर बिक्री या अन्य अनियमितताओं से संबंधित लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो मामले को उच्च अधिकारियों के समक्ष भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि विभाग की ओर से सरकारी निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने तथा कृषि योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

कार्यक्रम में प्रखंड कृषि पदाधिकारी बिदु चंदन बोदरा, एटीएम रसोराज माहतो, किसान मित्र राहुल बेसरा, अर्जुन मुर्मू, सोमरोन पात्र, देवाकार मार्डी, निबाई माहान्ति, टुकाई मार्डी, कान्द्रा हेम्ब्रम, शिबु मार्डी, गुरा कर्मकार सहित बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष किसान उपस्थित रहे। कृषक गोष्ठी में किसानों और अधिकारियों के बीच सीधा संवाद हुआ, जिससे कृषि क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान पर सार्थक चर्चा संभव हो सकी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!