कोल्हान

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई में समानता बरते प्रशासन : साधु हो

चाईबासा: कोल्हान में अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता साधु हो ने प्रशासन से निष्पक्षता और समानता बरतने की मांग की है। उन्होंने तांम्बो चौक से उपायुक्त कार्यालय तक अतिक्रमण हटाने के आदेश का स्वागत करते हुए कहा कि चाईबासा बाजार में अतिक्रमित भूमि पर किए गए सभी अवैध कब्जों के खिलाफ भी समान रूप से कार्रवाई होनी चाहिए।

साधु हो ने कहा कि कोल्हान में विभिन्न मुद्दों को लेकर लगातार धरना-प्रदर्शन, पदयात्रा और जनआंदोलन हो रहे हैं। इसके बावजूद झामुमो और कांग्रेस के विधायक-मंत्री तथा जिला एवं प्रखंड स्तर के कार्यकर्ताओं की चुप्पी को लेकर आम लोगों के बीच सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि चाईबासा में नो एंट्री की मांग से लेकर मझगांव में देशाउली स्थल से जुड़ी मारपीट की घटना तक कई मामलों में आदिवासी समुदाय प्रभावित हुआ है। उनका आरोप है कि आदिवासियों के हितों की बात करने वाली सरकार के दावों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर दिखाई दे रहा है।

साधु हो ने कहा कि प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में चाईबासा बाजार की तमाम अतिक्रमित भूमि और अवैध कब्जों को भी शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई में भेदभाव किया गया तो इसे आदिवासी समुदाय के साथ अन्याय के रूप में देखा जाएगा।

उन्होंने प्रशासन से अपील की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कानून और नियमों के अनुरूप सभी के खिलाफ समान रूप से की जाए, ताकि किसी भी समुदाय या व्यक्ति के साथ पक्षपात की स्थिति उत्पन्न न हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!