Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानलोकल न्यूज़

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर उपायुक्त सख्त, लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश; 15 अगस्त को उत्कृष्ट स्वास्थ्यकर्मी होंगे सम्मानित

सरायकेला-खरसावाँ: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, सदर अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. नकुल चौधरी सहित सभी एमओआईसी, डीपीएमयू, बीपीएमयू एवं संबंधित चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी पात्र लाभुकों तक स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को रोस्टर के अनुसार समय पर उपस्थित होकर बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाएगी।

आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा के दौरान अधिक से अधिक पात्र लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाने तथा टेलीमेडिसिन सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा में उपायुक्त ने संवेदनशील एवं पीवीटीजी बहुल क्षेत्रों में नियमित मास सर्वे, समय पर जांच और उपचार, कीटनाशक छिड़काव तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने मच्छरदानी के उपयोग, साफ-सफाई और जलजमाव रोकने के प्रति लोगों को जागरूक करने पर भी बल दिया।

बैठक में सभी स्वास्थ्य संस्थानों में एक्सपायरी दवाओं की नियमित जांच, सुरक्षित भंडारण, समय पर विनष्टीकरण, पर्याप्त दवा उपलब्धता, साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, बिजली, लाइट और पंखों जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जून माह की समीक्षा में दो चिकित्सकों द्वारा शून्य कंसल्टेशन दर्ज किए जाने पर उनके वेतन भुगतान पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश दिया गया। वहीं निर्धारित लक्ष्य से कम कंसल्टेशन करने वाले चिकित्सकों और सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों और सीएचओ को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। उपायुक्त ने घोषणा की कि आगामी 15 अगस्त के जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में जिले के प्रत्येक प्रखंड से उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक स्वास्थ्यकर्मी (चिकित्सक, एएनएम, जीएनएम या सहिया) को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने सभी स्वास्थ्यकर्मियों से जनसेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!