यूसीआईएल विस्थापितों की समस्याओं को लेकर डीसी से मिले विधायक संजीव सरदार और सोमेश सोरेन, रोजगार व पुनर्वास पर उठी आवाज

जमशेदपुर: यूसीआईएल के तुरामडीह, नरवा, जादूगोड़ा, बांदूहुड़ांग और बागजामदा माइंस क्षेत्र के विस्थापितों की लंबित समस्याओं को लेकर पोटका विधायक संजीव सरदार और घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन ने सोमवार को विस्थापित समितियों, माझी बाबा और प्रभावित परिवारों के साथ पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रोजगार, पुनर्वास और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में विस्थापित परिवारों को रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और कौशल विकास जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले कई परिवार आज भी नौकरी से वंचित हैं। कई कर्मचारियों की सेवा के दौरान मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनके आश्रितों को नियमानुसार रोजगार नहीं मिला। वहीं कई सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिवार भी रोजगार की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ हुई पूर्व बैठक का भी उल्लेख किया। बताया गया कि मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव और उपायुक्त से मामले की रिपोर्ट मंगाकर विस्थापितों की समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया था। इस पर उपायुक्त से जल्द रिपोर्ट भेजने और लंबित मामलों के निपटारे की मांग की गई।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि विकास परियोजनाओं के लिए जमीन देने वाले परिवारों के साथ न्याय होना चाहिए। यदि जमीन देने के बाद भी विस्थापितों और उनके आश्रितों को रोजगार नहीं मिलता है तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के समक्ष विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी और सभी पात्र परिवारों को उनका हक दिलाने का प्रयास किया जाएगा।




