Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

Chaibasa : मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दल करें सहयोग : संजय कुमार

एसआईआर को लेकर निर्वाचक निबंधक पदाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के विधानसभा क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को लेकर शनिवार को निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों ने विभिन्न मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने के लिए राजनीतिक दलों से सक्रिय सहयोग की अपील की गई।

बैठक में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 52-चाईबासा सह अनुमंडल पदाधिकारी सदर संजय कुमार, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 53-मझगांव सह अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा तथा निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी 55-मनोहरपुर सह जिला भू-अर्जन पदाधिकारी जय प्रकाश नारायण उपस्थित रहे।

संजय कुमार ने बताया कि वर्ष 2003 में हुए विशेष गहन पुनरीक्षण के आधार पर वर्तमान मतदाताओं की मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत मतदाताओं के नामों का उनके माता-पिता, दादा-दादी अथवा नाना-नानी के नामों के साथ वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान किया जा रहा है। यह कार्य बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं और मतदाताओं को जागरूक करें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सत्यापन प्रक्रिया से वंचित न रह जाए। जिन मतदाताओं की किसी कारणवश मैपिंग नहीं हो पा रही है, उनकी अलग सूची भी तैयार की जा रही है।

बैठक में सभी राजनीतिक दलों से अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-दो) की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया। अधिकारियों ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में बीएलए-दो की भूमिका महत्वपूर्ण है और अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के दौरान उनकी सहभागिता पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने में सहायक होगी।

बैठक के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की प्रमुख तिथियों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे तथा आवश्यक प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करेंगे। इसके बाद मतदान केंद्रों के युक्तिकरण की प्रक्रिया शुरू होगी।

प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त 2026 को किया जाएगा। दावा एवं आपत्ति 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे, जबकि इनके निपटारे की प्रक्रिया 3 दिसंबर 2026 तक चलेगी। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

बैठक में कांग्रेस के त्रिशानु राय, बसपा के जेम्स हेम्ब्रम, झामुमो के विश्वनाथ बाड़ा तथा आजसू के अजय महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ें : करंट लगने से वरिष्ठ पत्रकार मृत्युंजय सिंह का निधन, पत्रकारिता जगत में शोक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!