
जगन्नाथपुर: भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के नौ दिवसीय प्रवास के बाद शुक्रवार को जगन्नाथपुर में बहुरी यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा एवं पूर्व सांसद तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गीता कोड़ा ने भगवान जगन्नाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, भाईचारे और जनकल्याण की कामना की।

बहुरी यात्रा के दौरान मधु कोड़ा और गीता कोड़ा श्रद्धालुओं के साथ रथ खींचते हुए नजर आए। “जय जगन्नाथ” के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर और रथ मार्ग भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने यात्रा में भाग लेकर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के दर्शन किए तथा परिवार और समाज की सुख-शांति के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर मधु कोड़ा और गीता कोड़ा ने भगवान जगन्नाथ से क्षेत्र में अच्छी वर्षा, किसानों की समृद्धि और सफल कृषि कार्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कृषि इस क्षेत्र की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और समय पर अच्छी बारिश होने से किसानों के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का विकास संभव है।
दोनों नेताओं ने कहा कि भगवान जगन्नाथ की कृपा से समाज में सुख, शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारा बना रहे। प्रत्येक परिवार खुशहाल रहे और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए। उन्होंने किसानों की मेहनत सफल होने तथा सभी के जीवन में खुशहाली आने की भी प्रार्थना की।
बहुरी यात्रा के दौरान मंदिर परिसर एवं रथ मार्ग पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। धार्मिक आस्था और उत्साह के बीच संपन्न हुए इस आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों से जुड़े लोग भी शामिल हुए और भगवान जगन्नाथ से सभी के कल्याण की प्रार्थना की।




