
-
20 जून के बाद शुरू हो सकती है कुर्की-जब्ती की प्रक्रिया
बहरागोड़ा : अदालत से जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार चल रही मां-बेटी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। बरसोल थाना पुलिस ने छोटा पारुलिया गांव पहुंचकर आरोपी शिला महापात्र और उनकी बेटी शुभासिनी महापात्र के घर पर न्यायालय का इश्तिहार चस्पा किया। पुलिस ने गांव में मुनादी कर ग्रामीणों को भी मामले की जानकारी दी। बताया गया कि केस संख्या 35/13 में दोनों आरोपियों के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद वे लगातार अदालत में उपस्थित होने से बचती रहीं। न्यायालय के आदेश पर की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया।
इसे भी पढ़ें : Railway News : आद्रा मंडल में एक सप्ताह का रोलिंग ब्लॉक, कई मेमू और एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन प्रभावित
फरार आरोपियों पर कानून का शिकंजा होगा और सख्त
पुलिस के अनुसार न्यायालय द्वारा जारी इश्तिहार के तहत शिला महापात्र और शुभासिनी महापात्र को 20 जून तक आत्मसमर्पण करने का अंतिम अवसर दिया गया है। बरसोल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित तिथि तक दोनों आरोपी अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं होती हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसमें संपत्ति की कुर्की-जब्ती सहित अन्य प्रावधानों के तहत कार्रवाई शामिल हो सकती है। पुलिस ने कहा कि फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए न्यायालय के निर्देशानुसार सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




