झींकपानी के संचार वृद्धाश्रम में विधिक सहायता शिविर, बुजुर्गों को बताए गए कानूनी अधिकार

चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) चाईबासा द्वारा 90 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता अभियान के तहत सोमवार को झींकपानी स्थित संचार वृद्धाश्रम में विधिक सहायता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देश पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष मौहम्मद शाकिर तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

शिविर के दौरान नालसा की वृद्धजन कल्याण योजना के अंतर्गत वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। एलएडीसी (लीगल एड डिफेंस काउंसिल) की सहायक पूजा चौरसिया ने बुजुर्गों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, उनके परिजनों की जानकारी प्राप्त की और उन्हें विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।
इस दौरान पूजा चौरसिया ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के रहन-सहन, खानपान और अन्य मूलभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शिविर में पीएलवी सोमा बोस एवं ननकु मुंडा ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने उपस्थित बुजुर्गों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया समझाई।
डीएलएसए ने बताया कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जरूरतमंदों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाना है।




