Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

5 अगस्त से प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, पात्र नागरिक प्रपत्र-6 भरकर जुड़वाएं नाम: उपायुक्त मनीष कुमार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत 5 अगस्त 2026 से प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले युवाओं से समय पर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है।

उपायुक्त ने बताया कि जिन युवाओं की आयु 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष या उससे अधिक हो जाएगी तथा ऐसे पात्र भारतीय नागरिक जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे निर्धारित घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। इच्छुक नागरिक अपने संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा निर्वाचन आयोग के ऑनलाइन पोर्टल एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से भी आवेदन करने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर पात्र आवेदकों के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में भागीदारी का संवैधानिक अधिकार और जिम्मेदारी भी है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता बनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।

5 अगस्त को चलेगा #NewVoters सोशल मीडिया अभियान

मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 5 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर #NewVoters अभियान चलाया जाएगा। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और मतदाता पंजीकरण से जुड़े संदेश, पोस्ट, वीडियो एवं जागरूकता सामग्री साझा करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नए मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को सरल एवं सुलभ बनाना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना है।

सभी संस्थानों से सहयोग की अपील

उपायुक्त ने सरकारी विभागों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, महाविद्यालयों, स्वयंसेवी संगठनों, युवा समूहों, सामाजिक संगठनों तथा मीडिया प्रतिनिधियों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और #NewVoters अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से जिले के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होगा और लोकतंत्र को और अधिक मजबूत बनाने में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!