*आंगनबाड़ी सेविका की बहाली में अनियमितता का आरोप, जांच की मांग को लेकर डीसी कार्यालय पहुंचे ग्रामीण*

चाईबासा: ग्रामीण क्षेत्र के आदिवासी कॉलोनी टुंगरी स्थित आंगनबाड़ी केंद्र ए में नगर पालिका क्षेत्र की गैर आदिवासी महिला की सेविका पद पर चयन एवं बहाली का आरोप लगाते हुए आदिवासी हो समाज युवा महासभा और टुंगरी की महिलाओं का प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। उपायुक्त की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने डीडीसी से मुलाकात कर मामले की शिकायत की और चयन प्रक्रिया की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल महिलाओं ने आरोप लगाया कि ग्रामीण क्षेत्र और आदिवासी कॉलोनी के आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका चयन के दौरान क्षेत्राधिकार, योग्यता और स्थानीय आदिवासी महिला उम्मीदवारों की प्राथमिकता का ध्यान नहीं रखा गया। नगर पालिका क्षेत्र की गैर आदिवासी महिला के चयन और बहाली को लेकर महिलाओं ने नाराजगी जताई।
बताया गया कि पिछले साल दिसंबर में आदिवासी कॉलोनी टुंगरी सेंटर ए के लिए आंगनबाड़ी सेविका के चयन को लेकर सीडीपीओ सदर चाईबासा कार्यालय से पत्र जारी किया गया था। निर्धारित बैठक में नगर पालिका क्षेत्र की गैर आदिवासी उम्मीदवार को सामने लाए जाने पर स्थानीय महिलाओं ने विरोध किया था। इसके बाद सीडीपीओ कार्यालय के अधिकारियों ने ग्रामीणों को लिखित शिकायत देने का निर्देश दिया था।
ग्रामीणों के अनुसार इस मामले को लेकर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी के कार्यालय में दो बार लिखित शिकायत दी गई। इसके बावजूद करीब आठ से नौ माह बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं का कहना है कि वे लगातार कार्यालयों का चक्कर लगाती रहीं और उन्हें कार्रवाई का आश्वासन मिलता रहा। इसी बीच संबंधित महिला की नियुक्ति कर दी गई।
इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने आदिवासी हो समाज युवा महासभा के कार्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी दी और लिखित शिकायत सौंपी। महासभा और टुंगरी के ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्राधिकार, वैधानिक प्रावधान, उम्मीदवार की योग्यता और स्थानीय उम्मीदवारों की प्राथमिकता के आधार पर चयन प्रक्रिया की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल में आदिवासी हो समाज युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष इपिल सामड, महासचिव गब्बरसिंह हेम्ब्रम, संगठन सचिव गोपी लागुरी, प्रदेश कोषाध्यक्ष शंकर सिधु, जिला कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र पुरती, सिकंदर तिरिया, जगन्नाथपुर अनुमंडल अध्यक्ष बलराम लागुरी, उपाध्यक्ष पुतकर लागुरी, ज्योत्सना बानरा, रूपवंती हेम्ब्रम, आयुष्मति चातर, विश्वासी तियू, कविता देवगम और रीता बिरूवा समेत अन्य लोग मौजूद थे।




